नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेश की धरती से भारतीय चुनावी व्यवस्था और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठाए हैं। अमेरिका दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान मोदी सरकार पर गरजते हुए कहा कि हंम भ़ारत को गैर-लोकतांत्रिक नहीं बनने देंगे। हम चुनाव नहीं लड़ेंगे तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। लिहाजा हमें इसे लड़ना ही होगा। प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान कहा, ‘अगर हम विपक्ष के कार्यकर्ताओं से कहें कि ठीक है, चुनाव मत लड़ो, तो उनका क्या होगा? अगर हम यह कह दें कि हम चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं, तो उसी क्षण भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उन्हें 2014 के चुनाव से ही गड़बड़ी का संदेह होने लगा था। कांग्रेस नेता ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान ही उन्हें लगने लगा था कि कुछ गड़बड़ है, लेकिन तब उनके पास कोई सबूत नहीं था। राहुल गांधी ने बताया कि जब उन्हें सबूत मिले और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने रखे, तो उन्हें इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलने की सलाह दी गई। राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाना उनके लिए आसान नहीं है। ऐसा कोई भी दावा करने के लिए उनके पास 100, 200 या 300 प्रतिशत ठोस सबूत होने चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति चुनावी ढांचे को तोड़ने की नहीं, बल्कि व्यवस्था में जो कुछ हो रहा है, उसे सामने लाने की है। राहुल गांधी ने 2024 के चुनाव में कथित अवैध और फर्जी मतदाताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि अगर ऐसे मतदाता मौजूद थे, जिन्हें वोट देने का अधिकार नहीं था, तो फिर चुनाव को वैध कैसे माना जा सकता है? उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह महिला कभी भारत आई ही नहीं थी, फिर भी उसने भारत के एक राज्य के चुनाव में 23 बार वोट डाला। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इसी मुद्दे पर लड़ाई लड़ रहा है और उन्हें खुशी है कि इस लड़ाई में विपक्ष जीत रहा है।
भारत को गैर-लोकतांत्रिक नहीं बनने देंगे: राहुल गांधी

