सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन, महिलाओं की संख्या ज्यादा

6 जिलों में ब्लॉक स्तर के मुकाबले पूरे, 15 से 20 नवंबर तक संभाग स्तरीय स्पर्धा; 12 खेलों में दिखेगा दमखम

रायपुर, सरगुजा संभाग में दूसरी बार आयोजित हो रहे सरगुजा ओलंपिक को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। संभाग के छह जिलों से कुल 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में पुरुषों के मुकाबले महिला खिलाड़ियों की संख्या 69 हजार 45 अधिक है। सभी जिलों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं। अब विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर मुकाबला करेंगे। इसके बाद 15 से 20 नवंबर के बीच प्रस्तावित संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिलों के विजेता अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल पर पिछले वर्ष सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

पंजीयन में सूरजपुर सबसे आगे

सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 अगस्त से 10 सितंबर तक पंजीयन कराया गया। इसमें 2 लाख 42 हजार 929 महिलाओं और 1 लाख 73 हजार 884 पुरुषों ने हिस्सा लेने के लिए नाम दर्ज कराया। जिलावार आंकड़ों में सूरजपुर 99,322 खिलाड़ियों के साथ पहले स्थान पर है। बलरामपुर-रामानुजगंज से 91,995, सरगुजा से 90,116, जशपुर से 74,809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 33,676 और कोरिया से 26,895 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।

नवंबर में होंगे संभाग स्तरीय मुकाबले

संभाग के सभी छह जिलों में 1 से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं हुईं। अब जिला स्तरीय मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। जशपुर में 29 और 30 अक्टूबर को स्पर्धाएं होंगी। सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर-रामानुजगंज में 3 से 5 नवंबर तथा सूरजपुर में 4 और 5 नवंबर को मुकाबले निर्धारित हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जिला स्तरीय स्पर्धाएं पूरी हो चुकी हैं। हॉकी और कुश्ती के मुकाबले सीधे जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।

12 खेलों में महिला-पुरुष दिखाएंगे दमखम

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी शामिल हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग में आयु की कोई सीमा नहीं है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने नागरिकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

मुख्य बातें

  • 4.16 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन: सरगुजा संभाग के छह जिलों से कुल 4,16,813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।

  • महिलाएं आगे: 2,42,929 महिला और 1,73,884 पुरुष खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। महिलाओं की संख्या 69,045 अधिक है।

  • सूरजपुर सबसे आगे: सूरजपुर से सर्वाधिक 99,322 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।

  • जिला स्तरीय मुकाबले: विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं। अब जिला स्तर पर मुकाबले होंगे।

  • संभाग स्तरीय स्पर्धा: 15 से 20 नवंबर के बीच आयोजन प्रस्तावित है।

  • 12 खेल शामिल: एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी।

  • सीनियर वर्ग में उम्र की बाध्यता नहीं: जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *