बैगा बच्चों की मौत पर सरकार को घेरा, 10 लाख मुआवजे की मांग

धान का 3358 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान हो, रकबा समर्पण बंद करने की मांग

रायपुर, 28 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र में कुपोषण और एनीमिया से बैगा जनजाति के पांच बच्चों की मौत को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और प्रभावित बच्चों के उपचार के लिए गांव में ही पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) खोलने की मांग की।

बैज ने पत्रकार वार्ता में बताया कि नंदनी कुमान गांव और आसपास के क्षेत्रों में कुपोषण, एनीमिया, डायरिया और मलेरिया की समस्या गंभीर है। 13 बच्चे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं, जबकि कई अन्य बच्चे गांव में ही बीमार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल, नियमित टीकाकरण और बीमारियों की रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सरकार के मंत्रियों के गांव नहीं पहुंचने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

धान खरीदी पर सरकार को घेरा

बैज ने धान खरीदी की नीति पर सवाल उठाते हुए किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का वादा किया था, लेकिन अब आदान सहायता की गणना प्रति एकड़ के आधार पर करने का निर्णय किसानों को भ्रमित करने वाला है।

उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य बढ़ने के साथ राज्य सरकार की आदान सहायता राशि घटती गई है। कांग्रेस ने सभी पंजीकृत किसानों से पूरे रकबे की खरीदी, जबरन रकबा समर्पण पर रोक, फर्जी गिरदावरी के आधार पर खरीदी सीमा घटाने की प्रक्रिया बंद करने और पंचायत स्तर पर नकद भुगतान केंद्र खोलने की मांग की। बैज ने दीपावली से पहले किसानों को अग्रिम भुगतान तथा बकाया राशि देने की भी मांग की।

दिल्ली रैली में शामिल होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

बैज ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित होगी। इसमें छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों, एसआईआर निरस्त करने और काटे गए वोट बहाल करने की मांग को लेकर पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *