घरेलू बाजार के भरोसे न रहें उद्योग, गुणवत्ता बढ़ाकर दुनिया में प्रतिस्पर्धा करें

फिक्की के शताब्दी समारोह में बोले प्रधानमंत्री, उद्योगों से वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान बनाने का आह्वान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से घरेलू बाजार के भरोसे रहने की मानसिकता छोड़कर वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले 20 वर्षों के दीर्घकालिक निवेश फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ को आधार बनाया जाना चाहिए। उद्योगों को भविष्य की राष्ट्रीय और वैश्विक जरूरतों के अनुरूप अपनी क्षमताएं विकसित करनी होंगी। प्रधानमंत्री गुरुवार को दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। कई बड़ी संस्थाओं ने भारत की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। अक्टूबर में देश का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है। उन्होंने फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने पर संस्था के पूर्व और वर्तमान सदस्यों को बधाई दी।

दवाओं के कच्चे माल में आत्मनिर्भरता जरूरी

प्रधानमंत्री ने फार्मा उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत दुनिया की फार्मेसी कहलाता है, लेकिन सक्रिय दवा सामग्री (एपीआई), बल्क ड्रग्स और ड्रग इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है। उद्योगों को इनके घरेलू उत्पादन के लिए नई तकनीक और बड़े संयंत्रों में निवेश करना चाहिए। इसी तरह भारत लौह अयस्क का निर्यात करता है, लेकिन तैयार स्टील आयात करना पड़ता है। विशेष श्रेणी के स्टील और एल्युमीनियम उत्पादों के घरेलू निर्माण की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया।

कृषि और मशीनरी क्षेत्र में अवसर तलाशें

मोदी ने कहा कि वैश्विक कृषि निर्यात में भारत की हिस्सेदारी अभी 2 से 2.5 प्रतिशत के आसपास है। उद्योग जगत को कृषि में निवेश बढ़ाकर मूल्य संवर्धन और खाद्य प्रसंस्करण के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। पिछले 12 वर्षों में कृषि-खाद्य निर्यात में प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत से अधिक हुई है। उन्होंने हैंड टूल्स, पावर टूल्स, पैकेजिंग उपकरण, सिंचाई प्रणाली और फैक्टरी मशीनरी के निर्माण में भी संभावनाएं तलाशने की अपील की।

गुणवत्ता में दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे

प्रधानमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों का बाजार बड़ा है, लेकिन उद्योग यह मानकर न चलें कि उनके उत्पाद देश में अपने आप बिक जाएंगे। भारतीय ग्राहकों को भी वही बेहतरीन गुणवत्ता मिलनी चाहिए, जो विदेशी ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराई जाती है। वैश्विक बाजार में सफलता के लिए अलग-अलग देशों की जरूरतों को समझना, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करना और वितरण नेटवर्क मजबूत करना जरूरी है।

मोदी ने उद्योग जगत से व्यापार समझौतों से मिले अवसरों का लाभ उठाने और सुधारों के लिए सरकार को लिखित सुझाव देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार के दरवाजे और दिमाग दोनों खुले हैं। फिक्की की 100 साल की यात्रा के बाद अब उद्योग जगत को अगले 10 वर्षों में देश के लिए अपने योगदान पर विचार करना चाहिए।

  कॉरपोरेट टैक्स में कटौती और करदाताओं को राहत का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कारोबार आसान बनाने के लिए किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में मूल कॉरपोरेट टैक्स दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 लाख रुपए तक की आय पर आयकर नहीं है। आयकर रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया भी आसान हुई है। पहले रिफंड मिलने में कई महीने लगते थे, जबकि अब सामान्य तौर पर एक सप्ताह के भीतर राशि मिल जाती है। जीएसटी सुधारों से कई उत्पादों पर कर घटा है, जिससे मांग और कारोबार को लाभ मिला है।

  स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के संदेश को घर-घर पहुंचाने की अपील

मोदी ने फिक्की की डॉक्यूमेंट्री का उल्लेख करते हुए कहा कि 1930 में महात्मा गांधी भी संस्था के कार्यक्रम में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दे चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 100 वर्ष बाद भी यदि उद्योग जगत को यही बात समझानी पड़ रही है तो यह सफलता है या विफलता। प्रधानमंत्री ने उद्योगों से घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने, आयात निर्भरता कम करने और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुसार उत्पाद तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *