रायपुर, सोमवार। भारत रक्षा मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा आज पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया मंच X पर हिंदू देवी-देवताओं एवं धार्मिक आस्थाओं से संबंधित कथित आपत्तिजनक एवं अपमानजनक सामग्री प्रसारित किए जाने के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
भारत रक्षा मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रेखा शर्मा ने पुलिस कमिश्नर से अनुरोध किया कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री के संबंध में नियमानुसार जांच कर संबंधित अकाउंट को तत्काल ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाए तथा निशु आजाद नामक व्यक्ति के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।
रेखा शर्मा ने कहा कि भारत रक्षा मंच भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं सनातन परंपराओं के अपमान को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। संगठन ने प्रशासन से सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री के विरुद्ध प्रभावी एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से भारत रक्षा मंच ने नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों को लेकर भी प्रशासन से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। संगठन ने गरबा आयोजनों में अश्लील गीतों तथा आपत्तिजनक अथवा अशोभनीय वेशभूषा पर रोक लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर एवं कलेक्टर से उचित कार्रवाई एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन सौंपते समय भारत रक्षा मंच के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें रमाकांत शर्मा, खुमेश्वरी शुक्ला, अन्नपूर्णा शर्मा, सरिता शर्मा, सीमा मिश्रा, विनीत शर्मा, रश्मि जैन, मंजूलता, राजू महाराज, प्रदीप मिश्रा, हर्षिता सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
भारत रक्षा मंच ने प्रशासन से मांग की कि धार्मिक भावनाओं और सामाजिक मर्यादाओं से जुड़े मामलों में शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।

