विश्व शौचालय दिवस पर आकांक्षीय शौचालय का लोकार्पण

नगर निगम रायपुर एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल से नागरिकों को मिली आधुनिक स्वच्छता सुविधा

रायपुर। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती मीनल चौबे द्वारा वार्ड क्रमांक 22 स्थित बंजारी माता मंदिर के समीप नव-निर्मित आकांक्षीय शौचालय का लोकार्पण किया गया। यह शौचालय स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर निगम रायपुर एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मध्य संपादित एमओयू (MoU) के तहत निर्मित किया गया है।
इस अभिनव पहल के अंतर्गत शौचालय निर्माण का कार्य नगर निगम रायपुर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कराया गया है, जबकि निर्माण हेतु भूमि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई है। शौचालय का संचालन एवं रखरखाव विश्वविद्यालय द्वारा किया जाएगा। यह मॉडल विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
यह 6-सीटर आकांक्षीय शौचालय आधुनिक तकनीक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त है। इसमें सेंसर आधारित स्वचालित नल, शिशु आहार कक्ष (बेबी फीडिंग रूम), केयरटेकर कक्ष, सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, सेनेटरी वेस्ट इंसिनरेटर, दिव्यांगजनों हेतु विशेष सुविधाएं तथा बच्चों के लिए अनुकूल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुलभ वातावरण सुनिश्चित किया गया है।
इस अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सचितानंद शुक्ल, एमआईसी सदस्य (स्वास्थ्य) श्रीमती गायत्री चंद्राकर, एमआईसी सदस्य (लोककर्म) श्री दीपक जायसवाल, एमआईसी सदस्य (उद्यान) श्री भोला राम साहू, जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, वार्ड क्रमांक 22 की पार्षद श्रीमती मीना ठाकुर, वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद श्री आनंद अग्रवाल, वार्ड क्रमांक 23 के पार्षद श्री प्रकाश जगत तथा नगर निगम रायपुर के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
माननीय महापौर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के उद्देश्यों के अनुरूप आधुनिक एवं समावेशी सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार नगर निगम की प्राथमिकता है तथा ऐसे नवाचार नगर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं नागरिक-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *