कृषि विभाग की सलाह- नुकसान पर 72 घंटे में दें सूचना

अकवान तूफान और असामयिक बारिश से धान की फसल पर संकट

रायपुर। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से बेमेतरा जिले में हुई असामयिक बारिश के बाद धान की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। विभाग ने खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को बारिश से बचाने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही फसल को नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर सूचना देने कहा है।

कृषि विभाग के अनुसार, जिन किसानों की बीमित फसल को तूफान और असामयिक वर्षा से नुकसान पहुंचा है, वे कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण में नुकसान की प्रकृति और वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों के बीमा दावों का निराकरण होगा।

विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल यानी करपा को भी निर्धारित शर्तों के तहत सुरक्षा मिलती है। यह प्रावधान कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों तक लागू होता है। इस अवधि में निर्धारित जोखिमों से नुकसान होने पर किसान समय-सीमा के भीतर सूचना देकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

खड़ी फसल में जलभराव होने पर योजना के प्रावधानों के अनुसार नुकसान का आकलन किया जाएगा। ऐसे मामलों में फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज के आंकड़ों के आधार पर बीमा दावा भुगतान की गणना होगी। किसानों को खेतों में पानी भरने पर जहां संभव हो, जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

शिकायत दर्ज कराते समय किसान अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण और नुकसान की तारीख की जानकारी तैयार रखें। शिकायत दर्ज होने के बाद प्राप्त संदर्भ संख्या भी सुरक्षित रखें।

कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि वे फसल को नुकसान होने पर पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी तत्काल सूचना दें। प्रभावित खेत और फसल की तस्वीरें व वीडियो बनाकर सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर नुकसान के आकलन में मदद मिल सके।

  करपा और खलिहान में रखी धान को ढककर रखें

असामयिक बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल और खलिहानों में रखी उपज को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढकने की सलाह दी गई है। जहां संभव हो, फसल को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें। उसके आसपास पानी जमा न होने दें। बारिश के पानी और नमी से धान खराब होने की आशंका रहती है। समय रहते किए गए ये उपाय किसानों की मेहनत और उपज को नुकसान से बचाने में मददगार हो सकते हैं।

 शिकायत के लिए ये जानकारियां रखें तैयार

फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसान का नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम, तहसील और जिले का नाम, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर और नुकसान की तारीख सहित पूरा विवरण देना होगा। किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत के बाद मिली संदर्भ संख्या सुरक्षित रखें। पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी नुकसान की जानकारी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *