45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह
भारत मंडपम में लोक संस्कृति की छटा; राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन, मुख्यमंत्री ने पवेलियन का किया भ्रमण
नई दिल्ली। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार को भारत मंडपम छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर रहा। राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और प्रदेश की चर्चा पहले नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। भारत मंडपम में दिख रहा छत्तीसगढ़ का स्वरूप परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं के संगम को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोक संस्कृति अमूल्य धरोहर है, जिसे कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। ऐसे आयोजन देश-विदेश के लोगों को छत्तीसगढ़ की कला और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से प्रदेश की संभावनाओं का लाभ उठाने तथा विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कृषि आधारित उद्योगों और लघु वनोपज के प्रसंस्करण पर जोर देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय लोगों की आय को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं और शिल्पकार छत्तीसगढ़ की वास्तविक शक्ति हैं। युवाओं को स्टार्टअप और उद्यमिता से जोड़ने के साथ महिला स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को बड़े बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
लोक नृत्यों ने दिखाई प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और लोक वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुतियां दीं। गौर नृत्य में बस्तर की जनजातीय परंपराओं, गौरा-गौरी में लोक आस्था और भोजली में कृषि संस्कृति की झलक दिखी। राउत नाचा ने पारंपरिक लोक जीवन को मंच पर उतारा। सुआ नृत्य में महिलाओं की सामूहिक सांस्कृतिक परंपरा, पंथी में सतनामी समाज की आध्यात्मिक विरासत और करमा में प्रकृति तथा सामूहिक उत्सव की भावना दिखाई दी। मांदर और ढोल की थाप पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।
बेलमेटल, कोसा और मिलेट उत्पादों का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों पर बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पादों को देखा। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करने से देश-विदेश के आगंतुक प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित हो सकेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ की निवेश आयुक्त ऋतु सैन, संस्कृति विभाग के सचिव एस. भारतीदासन, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

