लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस पत्नी के साथ पहुंचे गुजरात

लिकटेंस्टीन के वंशागुनत प्रिंस एलोइस और उनकी पत्नी, प्रिंसेस सोफिया, भारत की अपनी राजकीय यात्रा पर सोमवार को गुजरात पहुंचे। वडोदरा हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गुजरात के राज्य मंत्री प्रफुल्लभाई पानशेरिया और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने राजकुमार और राजकुमारी का स्वागत किया। इसके बाद, शाही जोड़े का काफिला वडोदरा हवाई अड्डे से मंजूसर स्थित एक कंपनी के दौरे के लिए रवाना हुआ।
राजकुमार एलोइस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर अपनी राजकीय यात्रा के लिए मुंबई पहुंचे। जिसकी जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने दी थी।
उनके साथ पत्नी राजकुमारी सोफिया और उच्च-स्तरीय सरकारी व व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें उद्योग जगत के प्रमुख नेता शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए प्रिंस के आगमन की जानकारी दी। लिखा, “भारत में आपका हार्दिक स्वागत है! लिकटेंस्टीन के राजकुमार एलोइस भारत की राजकीय यात्रा पर मुंबई पहुंचे। महाराष्ट्र सरकार के प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल ने उनका स्वागत किया। भारत और लिकटेंस्टीन के बीच साझा मूल्यों पर आधारित मधुर और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं।”
राजकुमार एलोइस की 2026 में यह भारत की दूसरी यात्रा है; इससे पहले वे फरवरी में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आए थे। 2010 और 2018 में भी भारत आ चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *