नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला के पास कार बम धमाके के बाद एजेंसियां हरकत में हैं। इस धमाके का कनेक्शन जम्मू-कश्मीर से जुड़ा है तो वहां तक एजेंसियां अब संदिग्धों की तलाश में हैं। धमाके के बाद से अब तक जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 500 जगहों पर रेड मारी है और 600 लोगों को हिरासत में लिया है। यह छापेमारी जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ हुई है। एजेंसियों का कहना है कि हमें यह इनपुट मिला था कि जमात-ए-इस्लामी फिर से खुद को जम्मू-कश्मीर में खड़ा करने की तैयारी में है। इसके बाद ही यह ऐक्शन लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि श्रीनगर, कुलगाम, पुलवामा, शोपियां, बारामूला समेत कई जिलों में छापेमारी की गई है।
इस बीच डॉक्टर मॉड्यूल पर भी ऐक्शन हुआ है। तीन सरकारी कर्मचारियों समेत करीब 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ताओं ने रात भर की छापेमारी के दौरान अनंतनाग, पुलवामा और कुलगाम जिलों से संदिग्धों को हिरासत में लिया। दिल्ली में सोमवार को लाल किला के पास हुए विस्फोट के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में आतंकी तंत्र के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। लाल किला के पास हुए विस्फोट में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली धमाके के बाद कश्मीर में 500 ठिकानों पर छापेमारी

