मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को भूकंप के तेज झटके लगे हैं। मराठवाड़ा इलाके के नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में ये झटके महसूस किए गए। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि ये झटके रात 1.37 बजे से 3.23 बजे के बीच महसूस किए गए और रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 3.6 से 4.6 के बीच मापी गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हिंगोली, नांदेड़ और परभणी जिलों में भूकंप के चार हल्के झटके महसूस किए गए। जिला आपातकालीन केंद्र को 01:37, 02:15, 02:17 और 03:23 बजे झटके महसूस होने की सूचना मिली है। रिक्टर पैमाने पर इन झटकों की तीव्रता क्रमशः 4.6, 3.6, 3.9 और 4.1 मापी गई।
भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के वसमत तालुका के शिरली गांव में था। राहत की बात यह है कि जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। आपको बता दें कि जब ये झटके महसूस हुए तब ज्यादातर लोग घरों में सो रहे थे।
हिंगोली, नांदेड़ और परभणी इलाकों के कई लोगों ने इन झटकों को महसूस किया। पहले झटके का केंद्र हिंगोली जिले के वसमत तालुका में पांगरा शिंदे गांव के दक्षिण में शिरली गांव के पास था। इसकी गहराई 10 किलोमीटर मापी गई। बाद के दो झटकों के केंद्र पांगरा शिंदे गांव के उत्तर-पश्चिम में स्थित ककड़धाबा गांव के पास थे। ये भी 10 किलोमीटर की गहराई पर आए।

