ईरान ने फिर बंद कर दिया होर्मुज का रास्ता, अमेरिका पर वादा तोड़ने का आरोप

तेहरान। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया है। उसने अमेरिका पर वादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए यह फैसला लिया है। ईरानी मीडिया में सेना के हवाले से इस बारे में बयान जारी किया है। ईरान के मुताबिक अमेरिका ने अभी तक होर्मुज में नाकेबंदी कर रखी है। इस वजह से उसे ऐसा फैसला लेने पर बाध्य होना पड़ा। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि अमेरिका ने ईरानी जहाजों और बंदरगाहों पर अपनी नाकेबंदी जारी रखी तो वह इसे फिर से बंद कर सकता है। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि यह नाकेबंदी पिछले सप्ताह ईरान और अमेरिका के बीच हुए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है। होर्मुज के फिर से बंद होने के चलते ऊर्जा संकट और गहराने की आशंका बढ़ने लगी है। इसके चलते दुनिया भर में ऊर्जा सप्लाई में बाधा आ रही है। इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की खबरें आने के बाद शुक्रवार को तेल की कीमतों में फिर से गिरावट आने लगी थी। बता दें कि दुनिया में कुल तेल सप्लाई का पांचवां हिस्सा होर्मुज से होकर गुजरता है। ऐसे में इसके फिर से बंद होने के बाद तेल सप्लाई पर असर पड़ना तय है। अगर यही हाल रहा तो तेल की कीमतें फिर से बढ़ जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *