एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर, 2 लोगों की मौत 

बेमेतरा:- रफ्तार के कहर में एक बार फिर 2 लोगों की जान चली गई. मंगलवार देर रात बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और एंबुलेंस की टक्कर हो गई. आमने-सामने की टक्कर में एंबुलेंस में सवार एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे शख्स की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. मरने वाले दोनों लोग एंबुलेंस सवार थे. हादसे के बाद बेमेतरा – कवर्धा एनएच पर जाम जैसे हालात बन गए.

खण्डसरा थाना पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रायपुर के एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस कवर्धा के एक गांव में शव छोड़कर वापस रायपुर लौट रही थी. वहीं ट्रक तिल्दा से चावल खाली कर कवर्धा की ओर जा रहा था. इसी दौरान कन्हेरा इलाके के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल युवक ने जिला अस्पताल बेमेतरा में इलाज के दौरान दम तोड़ा.

एंबुलेंस में सवार लोग शव कवर्धा में छोड़कर रायपुर लौट रहे थे

हादसे की सूचना मिलते ही खण्डसरा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गुए. पुलिस ने मृतक और घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ है. हालाकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कुछ भी नहीं कहा है. हादसे में जिन दो लोगों की जान गई है उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *