भिलाई। पुलिस और ‘जन मित्र’ संस्था के संयुक्त तत्वावधान में पुलिसकर्मियों, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों, अग्निशमन कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया एक दिवसीय “मेगा मेडिकल कैंप” आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। न्यू पुलिस लाइन ठगड़ा बांध के पास में आयोजित इस विशाल शिविर में सुबह 9:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे तक सैकड़ों पुलिस परिवारों और आमंत्रित अतिथियों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ डीजीपी अरुण देव गौतम ने किया। इस मौके पर आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिले के एसएसपी विजय अग्रवाल की विशेष मौजूदगी रही शिविर की मुख्य विशेषता यह रही कि इसमें पुलिस अस्पताल के डॉ. सुधीर गांगेय के नेतृत्व में देश व प्रदेश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के 22 से अधिक सुपर स्पेशलिस्ट
डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के दौरान हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, हड्डी रोग, स्त्री एवं शिशु रोग, दंत और नेत्र रोग से संबंधित विशेषज्ञों द्वारा मरीजों का गहन परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया। इसके अतिरिक्त, मरीजों के लिए एनएबीएल प्रमाणित पैथोलॉजी जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट और ईसीजी जैसी आवश्यक जांचें पूरी तरह से निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। डॉक्टरों की सलाह पर मरीजों को मौके पर ही दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।इस अवसर पर डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी 24 घंटे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं, जिसके कारण वे अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर न केवल उन्हें अपनी शारीरिक स्थिति को समझने में मदद करते हैं, बल्कि उनके परिवार को भी समय पर बेहतर इलाज सुनिश्चित कराते हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए सहयोगी संस्था ‘जन मित्र’ और सभी डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को दुर्ग आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल ने भी संबोधित करते हुए मेगा मेडिकल कैंप के आयोजन को पुलिस विभाग के लिए आवश्यक बताया कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी – कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीजीपी गौतम का स्वागत किया। वहीं डीजीपी ने बेहतर प्रदर्शन के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग के जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह का सम्मान किया
पुलिस और ‘जन मित्र’ संस्था की पहल, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़

