17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
लाखे नगर और भाठागांव मंडल कार्यसमिति बैठक व कार्यशाला संपन्न, कार्यकर्ताओं को मिला दायित्व
रायपुर 10 सितंबर
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन और संवैधानिक पद पर सेवा व समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के मार्गदर्शन में लाखे नगर एवं भाठागांव मंडल की संयुक्त कार्यसमिति बैठक व कार्यशाला आयोजित की गई।
बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन राष्ट्र सेवा, अंत्योदय और गरीब कल्याण का जीवंत उदाहरण है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में बीते 25 वर्षों में उन्होंने बिना रुके, बिना थके देश के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य किया है। उनके इस 25 वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल को हमें जनता के बीच उत्सव और सेवा भाव के साथ मनाना है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि 17 सितंबर (मोदी जी के जन्मदिन) से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान को हर बूथ तक पहुंचाना है। यह केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा ऋण चुकाने का संकल्प है।
कार्यशाला में रूपरेखा तय करते हुए सांसद ने कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान मंडल स्तर पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं आयुष्मान, पीएम आवास, उज्ज्वला, मुद्रा आदि के लाभार्थियों से सीधा संपर्क व सम्मेलन आयोजित कर सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यशाला में दोनों मंडलों के पदाधिकारियों, वार्ड पार्षदों एवं शक्ति केंद्र प्रभारियों को बूथवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। श्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा को ही अपना मूल मंत्र मानता है। लाखे नगर और भाठागांव मंडल के कार्यकर्ता घर-घर जाकर मोदी जी के 25 वर्षों के विकास कार्यों का संदेश पहुंचाएं और इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें।
बैठक में भाठागांव मंडल अध्यक्ष श्री अभिषेक तिवारी, लाखेनगर मंडल अध्यक्ष श्री सचिन सिंघल, जोन अध्यक्ष श्री अंबर अग्रवाल, श्री विजय अग्रवाल, पार्षदगण वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के संयोजक तथा दोनों मंडलों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

