मुख्यमंत्री साय ने प्रतिमा का किया वर्चुअल अनावरण, 28 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क निर्माण का भूमिपूजन
रायपुर, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम से सरगुजा अंचल में आयोजित जनजातीय समाज के महान जननायक एवं पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया और अंबिकापुर के शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की प्रेरक गाथा है। उच्च शिक्षित अभियंता के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई और जनजातीय समाज के अधिकारों, शिक्षा तथा सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए जीवन समर्पित किया। सांसद के रूप में उन्होंने जनजातीय समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और समस्याओं को संसद में उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नाम पर संस्थान का नामकरण विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ समाजसेवा की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक लगभग 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सड़क चौड़ीकरण से यातायात सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की पहुंच, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित उदयपुर के महिला एनजीओ मेस भवन, 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास तथा 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासों का लोकार्पण किया। थाना सीतापुर में भी 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासीय भवनों का लोकार्पण हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय महापुरुषों की विरासत को संरक्षित करने और उनके विचार नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने बस्तर में शांति और विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज ने बाबा कार्तिक उरांव के योगदान को याद किया। विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, रामकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।

