कनाडा के नियाग्रा फॉल्स में स्थित प्रसिद्ध मरीनलैंड अम्यूजमेंट पार्क ने खतरनाक धमकी दी है। कहा है कि अगर सरकार ने तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान नहीं की तो पार्क प्रबंधन अपनी 30 बेलुगा व्हेल्स को इच्छामृत्यु (यूथनाइज) कर देगा। यह धमकी तब आई जब कनाडा की मत्स्य पालन मंत्री जोआन थॉम्पसन ने इन व्हेल्स को चीन के चिमेलोंग ओशन किंगडम थीम पार्क भेजने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। मरीनलैंड जो कभी पर्यटकों और परिवारों से गुलजार रहता था, अब कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और दिवालिया होने की कगार पर खड़ा है।
दरअसल, मरीनलैंड एक विशाल चिड़ियाघर और मनोरंजन पार्क है। लगभग 1,000 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में यहां जानवरों के साथ क्रूरता के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके कारण यह कड़ी निगरानी के दायरे में है। पिछले साल जनता के लिए बंद कर दिए जाने के बाद से पार्क अपनी संपत्ति बेचने की कोशिश कर रहा है। कनाडा में ये आखिरी बंदी व्हेल्स हैं, और प्रबंधन का दावा है कि उनकी देखभाल के लिए संसाधनों की कमी हो गई है। मंत्री थॉम्पसन ने निर्यात अनुमति से इनकार करते हुए कहा कि इससे इन बेलुगाओं के साथ दुर्व्यवहार की प्रथा जारी रहेगी।

