यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ​​को नहीं मिली राहत

नई दिल्ली। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ​​को राहत नहीं मिली। हिसार कोर्ट ने सोमवार को उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले, 22 मई को ज्योति की जमानत को लेकर कोर्ट में सुनवाई हुई थी। तब हिसार की अदालत ने उसकी पुलिस हिरासत चार दिन के लिए बढ़ा दी थी। 33 वर्षीय यूट्यूबर को पांच दिन की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश किया गया था। मल्होत्रा ​​उन 12 लोगों में शामिल है जिन्हें पिछले दो सप्ताह में जासूसी के संदेह में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। जांचकर्ताओं को उत्तर भारत में पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क के सक्रिय होने का संदेह है। हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के चैनल का नाम है ‘ट्रैवल विद जो’ है। न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था। हिसार पुलिस ने कहा था कि ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया जिससे ये पता चले कि मल्होत्रा ​​के पास किसी सैन्य या रक्षा संबंधी जानकारी तक पहुंच थी। लेकिन, वह निश्चित रूप से कुछ लोगों के संपर्क में थी और जानती थी कि वे पाकिस्तानी खुफिया एजेंट हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वह पाकिस्तानी उच्चायोग में कार्यरत कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ ​​दानिश के संपर्क में ​​नवंबर 2023 से थी। दानिश को जासूसी में शामिल होने के कारण 13 मई को भारत ने निष्कासित कर दिया था।
पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा ​​के तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। इसने कहा कि मल्होत्रा ​​के चार बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी, खुफिया ब्यूरो और सैन्य खुफिया अधिकारियों ने ज्योति से पूछताछ की है। अभी तक की जांच से पता चला है कि वह पाकिस्तान, चीन, बांग्लादेश और कुछ अन्य देशों की यात्रा कर चुकी है। पुलिस ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक जारी रहे सैन्य संघर्ष के दौरान भी मल्होत्रा दानिश के संपर्क में थी। इसे लेकर भी जांच चल रही है और एक-एक कड़ियों जोड़ा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *