भोपाल। आज लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा। इस बिल का विपक्ष लगातार विरोध कर रहा है। बिल को पहले जेपीसी के पास भेजा गया और अब संसद के पटल पर रखा जाएगा। सदन के अंदर कुछ देर में फैसला हो जाएगा, उससे पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुस्लिम महिलाएं वक्फ बिल के समर्थन में सड़कों पर उतर आईं। हाथ में फूल और तख्ती लिए ये महिलाएं मोदी जिंदाबाद के नारे लगाती दिखीं।
आज लोकसभा में वक्फ बिल पेश होने से पहले केंद्र सरकार को भोपाल में मुस्लिम महिलाओं का साथ मिल गया। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्ती और गुलाब का फूल लिए मोदी जिंदाबाद के नारे लगाती दिखीं। हाथों में ली तख्ती पर ‘वी सपोर्ट मोदी’ और ‘थैंक्यू मोदी’ लिखा हुआ था। वीडियो में महिलाओं के साथ कुछ पुरुष भी समर्थन में नारे लगाते दिखे। कई ने नारे लगाए कि मोदी जी संघर्ष करो, हम आपके साथ हैं।
सत्ता पक्ष का कहना है कि यह वक्फ संशोधन बिल मुसलमानों के हित में लाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह बिल संवैधानिक है और मस्लिमों के हित में है। जो इसका विरोध कर रहे हैं,वो एंटी मुस्लिम हैं। राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि हर संवैधानिक आधार का उल्लंघन हो रहा है। हमने (विपक्ष ने) किसान आंदोलन के दौरान भी कहा था कि जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। लेकिन उन्होंने (केंद्र सरकार ने) जल्दबाजी की। फिर क्या हुआ? (तीनों कृषि कानूनों को) वापस लेना पड़ा। वैसी ही स्थिति यहाँ भी नहीं होनी चाहिए।
बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि संसद में पारित होने के लिए पेश किया जाने वाला विधेयक गरीब और पसमांदा (पिछड़े) मुसलमानों को लाभान्वित करेगा। इसे “ऐतिहासिक दिन” बताते हुए, जगदंबिका पाल ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की कड़ी मेहनत सफल हुई है, जिसने कई राज्यों में हितधारकों को विश्वास में लिया। उन्होंने यह भी कहा कि जेपीसी की बैठकें आयोजित की गईं और विपक्ष की बात हर दिन आठ घंटे तक सुनी गई।

