रायपुर। छत्तीसगढ़ के मौसम में हर दिन बदलाव हो रहा है। दिन में भीषण गर्मी से राहत है तो शाम का मौसम सुहाना हो जा रहा है। बारिश और आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में भी गिरावट है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हर दिन हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी जारी है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मौसम में बदलाव आ रहा है। मौसम विभाग ने 20 से ज्यादा जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने रायपुर संभाग के धमतरी गरियाबंद, बलौदाबाजार और रायपुर जिले, बस्तर संभाग के कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर, बिलासपुर संभाग के जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली जिले और दुर्ग संभाग के बालोद, बेमेतरा, दुर्ग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सरगुजा संभाग के जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट आगामी तीन घंटे के लिए जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ और वज्रपात के आसार है।

