रायपुर। छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने कहा कि रायपुर शहर में पिछले कई दिनों से पूल पार्टी से जुड़े पोस्टर और प्रचार सामग्री सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल वायरल पोस्टरों तक सीमित न रहे, बल्कि यह भी पता लगाए कि इन्हें किसने तैयार किया, किसने प्रचारित किया और इनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।
इदरीस गांधी ने कहा कि यदि होटल, रिसॉर्ट, फार्म हाउस अथवा अन्य स्थानों पर कानून और निर्धारित नियमों के विपरीत इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आयोजन से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी तय कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि अश्लीलता और फूहड़ता छत्तीसगढ़ की संस्कृति, सामाजिक मर्यादाओं और पारिवारिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। समाज में स्वस्थ वातावरण बनाए रखने तथा युवाओं को गलत प्रवृत्तियों से बचाने के लिए ऐसे आयोजनों पर प्रभावी रोक लगाना और कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।

