छत्तीसगढ़ के रायपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत, 12 घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बलोदाबाजार रोड पर सारागांव के पास लोगों से भरे ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रायपुर के एसपी लाल उम्मेद सिंह ने सोमवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि चटौद गांव से कुछ लोग छठी कार्यक्रम में शामिल होने बाना बनारसी गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वो वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रायपुर-बलौदाबाजार रोड के पास यह हादसा हो गया। इस घटना में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। 12 अन्य लोग घायल हो गए हैं। सभी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।”

एसपी ने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोग एक छोटे ट्रक में सवार होकर वापस लौट रहे थे। घायलों का रायपुर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

रायपुर के कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने बताया कि रात 12 बजे के आसपास हमें हादसे की सूचना मिली थी। तत्काल प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और घायलों को पास ही के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। 13 लोगों की मौत गया है। 11 से 12 लोग घायल हुए हैं, यदि उन्हें कोई आवश्यकता होगी तो तत्काल सहायता की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *