नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भाषण पर करारा पलटवार किया। इस्लामाबाद की ओर से आतंकवाद को बढ़ावा देने और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की पोल खुल गई। भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने कहा, ‘महोदय, आज सुबह इस सभा ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से बेतुके नाटक देखे, जिन्होंने एक बार फिर आतंकवाद को महिमामंडित किया जो उनकी विदेश नीति का अहम हिस्सा है। मगर, कोई भी ड्रामा और कोई भी झूठ तथ्यों को छिपा नहीं सकता।’ शहबाज शरीफ ने 80वीं सत्र की सामान्य बहस के दौरान अपने भाषण में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि मई में चार दिन के संघर्ष के दौरान भारत के 7 जेट क्षतिग्रस्त किए गए। वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह ने पिछले महीने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय जेट्स ने पाकिस्तान के 5 लड़ाकू जेट और एक बड़े विमान को मार गिराया। पेटल गहलोत ने सभा को याद दिलाया कि बीते 25 अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान ने द रेसिस्टेंस फ्रंट को जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों के नरसंहार की जिम्मेदारी से बचाया था। भारत ने 7 मई को शुरू किए गए ऑपरेशन में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया।
UN के मंच से भारत ने आतंकवाद पर पाक की फिर खोली पोल

