मुंबई। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। वर्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं की रैली के दौरान उन्होंने शाह की तुलना एनाकोंडा और अब्दाली से की। ठाकरे ने भाजपा पर मुंबई को राजनीतिक हेरफेर और भूमि हड़पने के जरिए निगलने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने किसी भी ऐसी कोशिश का विरोध करने की प्रतिज्ञा की। शिवसेना UBT के मुखपत्र सामना में छपी एक रिपोर्ट का ठाकरे ने हवाला दिया, जिसमें भाजपा के नए कार्यालय को बिजली की गति से भूमि हड़पकर बनाए जाने का जिक्र था। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी की तुलना जिजामाता उद्यान में हाल ही में लाए गए एनाकोंडा से की। उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘जैसे एनाकोंडा अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को निगल जाता है, वैसे ही वे मुंबई को गटकना चाहते हैं।’ ठाकरे ने अमित शाह और भाजपा की ओर इशारा करते हुए यह बात कही। ठाकरे ने भाजपा नेताओं की तुलना अफगान आक्रमणकारी अहमद शाह अब्दाली से भी की। उन्होंने दावा किया कि वे मुंबई पर कब्जा करने आए हैं। असली अब्दाली फिर आए हैं, इस बार दिल्ली और गुजरात से। अगर वे हमारा शहर लेने की कोशिश करेंगे तो उनकी कब्र हमारे ही धरती पर बनेगी। शिवसेना यूबीटी चीफ ने महाराष्ट्र की राजनीतिक और आर्थिक लूट को ऐतिहासिक व्यक्तियों से भी जोड़ा। गुजराती नेता मोरारजी देसाई पर अपने कार्यकाल में महाराष्ट्रीयन प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश देने का आरोप लगाया।
उद्धव ठाकरे ने अमित शाह की तुलना एनाकोंडा से की

