नई दिल्ली। दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार तड़के तीन बजे एक चार मंजिला इमारत ढह गई। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान चांदनी, दानिश, रेशमा और नावेद के तौर पर हुई है। मलबे में दबे 14 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। जबकि अब भी 8-10 लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर एनडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड और पुलिस टीमें मौजूद हैं। राहत एवं बचाव का कार्य जारी है।
हादसे को लेकर उत्तर पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया, “घटना सुबह 3 बजे घटी। 14 लोगों को बचा लिया गया, लेकिन उनमें से चार की मौत हो गई…यह चार मंजिला इमारत थी…बचाव अभियान जारी है। 8-10 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।”
घटना के बारे में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “यहां दो पुरुष और दो बहुएं रहती हैं। सबसे बड़ी बहू के तीन बच्चे हैं, दूसरी बहू के भी तीन बच्चे हैं। अभी हमें कुछ नहीं पता। वे कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। किराएदार भी रहते हैं।” फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चला है।

