तिल्दा-नेवरा, छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं बलौदाबाजार विधायक श्री टंक राम वर्मा द्वारा शिक्षा विभाग से संबंधित नियमित बैठकों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए तिल्दा-नेवरा निवासी श्री नरेंद्र शर्मा को प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है।
जारी आदेश के अनुसार, श्री नरेंद्र शर्मा शिक्षा विभाग से संबंधित बैठकों में मंत्री श्री टंक राम वर्मा के प्रतिनिधि के रूप में भाग लेंगे तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों एवं जनसमस्याओं के निराकरण में समन्वय स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर श्री नरेंद्र शर्मा ने मंत्री श्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव सक्रिय रहेंगे।
उन्होंने माननीय मंत्री श्री टंक राम वर्मा का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जनसेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। वे शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर समन्वय एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
मंत्री टंक राम वर्मा ने नरेंद्र शर्मा को शिक्षा विभाग का प्रतिनिधि बनाया

