रायपुर । राजधानी के जे.आर. दानी शासकीय कन्या उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय में शनिवार को साइकिल वितरण, प्रतिभा सम्मान और नव-निर्वाचित बाल कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छात्राओं को सफलता, निरंतर प्रयास और नैतिक मूल्यों का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का माध्यम है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के ऑडिटोरियम विस्तार के लिए ₹50 लाख और आधुनिक कंप्यूटर लैब के लिए ₹20 लाख देने की घोषणा भी की।
शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक नहीं, जीवन में आगे बढ़ना है
छात्राओं को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का अर्थ सिर्फ परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि जीवन में सही निर्णय लेने और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं और उनका मार्गदर्शन जीवनभर काम आता है।
कम नंबर आने पर कभी निराश न हों, मेहनत जारी रखें
सांसद अग्रवाल ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि पढ़ाई में कभी कम अंक आएं, स्वास्थ्य खराब हो जाए या जीवन में कोई चुनौती सामने आए तो निराश होने की बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, आईएएस या आईपीएस बनने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता जरूरी होती है और आज खेल, कला तथा संगीत जैसे क्षेत्रों में भी मेहनत के दम पर ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
दिखावे की नहीं, शिक्षा और ज्ञान की हो प्रतिस्पर्धा
उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी बाहरी दिखावे या भौतिक सुविधाओं की प्रतिस्पर्धा नहीं करनी चाहिए। असली प्रतिस्पर्धा अच्छी शिक्षा, ज्ञान और अपने व्यक्तित्व के विकास की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पूरी मेहनत के बाद भी मनचाहा परिणाम न मिले तो यह विश्वास रखना चाहिए कि ईश्वर ने भविष्य के लिए कुछ बेहतर तय किया है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की सीख और अनुशासन को भी विद्यार्थियों के हित में बताया।
छात्राओं से किया संवाद, पूछे सामान्य ज्ञान और करियर से जुड़े सवाल
अपने संबोधन के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल माइक लेकर छात्राओं के बीच पहुंचे और उनसे सामान्य ज्ञान, भविष्य के लक्ष्य तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए किस प्रकार तैयारी करेंगी।
विद्यालय के विकास के लिए ₹70 लाख की बड़ी सौगात
कार्यक्रम में सांसद अग्रवाल ने विद्यालय की अधोसंरचना मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ऑडिटोरियम को बड़ा और आधुनिक बनाने के लिए ₹50 लाख की घोषणा की ताकि अधिक छात्राएं एक साथ बैठ सकें। इसके अलावा आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए ₹20 लाख स्वीकृत किए गए, जिसमें ₹10 लाख सांसद निधि और ₹10 लाख विधायक निधि से उपलब्ध कराए जाएंगे।
साइकिल, किताबें और गणवेश का वितरण
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्राओं को साइकिल, पाठ्य सामग्री और गणवेश वितरित किए गए। साथ ही नव-निर्वाचित छात्रसंघ और बाल कैबिनेट के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ की शपथ दिलाई
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत आयोजित ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ में छात्राओं को साक्षरता का संकल्प दिलाया गया। सांसद ने छात्राओं से देश से निरक्षरता दूर करने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण और ओपन जिम का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही छात्राओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में स्थापित ओपन जिम का भी लोकार्पण किया गया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और शिक्षक
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य हितेश दीवान, शाला समिति अध्यक्ष राजेश जैन, जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, मंडल अध्यक्ष संतोष सोनी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

