विधानसभा अध्यक्ष के हाथों हॉकी लीग का शुभारंभ
राजनांदगांव। हॉकी की नर्सरी में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ हो गया है। चिखली के स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस स्पर्धा का रविवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने श्री गणेश किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में डॉ सिंह रिबिन काटकर एवं मार्च पास्ट का अभिवादन स्वीकार कर खेल गतिविधियों से रूबरू हुए। इस दौरान खिलाड़ियों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों को संबोधित करते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की मिट्टी में हॉकी का बीज छुपा हुआ है और जो बच्चे मेरे सामने बैठे हुए हैं उनमे रुद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से बीजारोपण हो गया। श्री सिंह ने विश्वास जताया कि आने वाले 10 सालों में ये बच्चे हॉकी जगत में वृक्ष का रूप ले कर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे तो आश्चर्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इतनी कड़ी मेहनत और साधना के साथ बच्चे अभ्यास कर रहे हैं और मृणाल चौबे जैसा गुरु उन्हें मिल गया है तो इन बच्चों को सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा इस मैदान के बच्चे हॉकी में इसी तरह मेहनत करते रहे तो भविष्य में एक-दो नहीं बल्कि 50 से ज्यादा मृणाल चौबे जैसे खिलाड़ी इस हॉकी की नर्सरी से निकलेंगे और देश का प्रतिनिधित्व कर संस्कारधानी को गौरवान्वित करेंगे। चिखली में आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमित भाटिया, बंटू जैन, रघु शर्मा, प्रिंस भाटिया, फिरोज अंसारी और मृणाल चौबे सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मार्च पास्ट देख गदगद हुए
मार्च पास्ट में शामिल नन्हे खिलाड़ियों के कदमताल को देख कर डॉ रमन सिंह गदगद हो गए। उन्होंने बताया कि सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए वे लगातार मार्च पास्ट में शामिल होते रहे हैं, लेकिन आज इन बच्चों के मार्च पास्ट को देखकर जो खुशी हुई उसको बयां कर पाना मुश्किल है। एक चार साल की बच्ची के कदमताल का जिक्र कर उन्होंने बच्चो के जज्बे को सलाम किया।
खेल मैदान की मांग पूरी
इस अवसर पर श्री सिंह ने पटरी पार के खिलाड़ियों के लिए हॉकी मैदान की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा जीम एवं खेल सामग्री कक्ष बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर की खेल सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है और आने वाले समय में संस्कारधानी को खेल के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलेगी।

