रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) द्वारा छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने बताया कि 24 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, 30 मार्च 2026 को सभी महाविद्यालयों में प्राचार्य के माध्यम से राज्यपाल एवं सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा 6 अप्रैल 2026 को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में एक साथ घेराव कर छात्र शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा।
NSUI का मानना है कि छात्र संघ चुनाव शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है और उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का अनुभव व अभ्यास करने का अवसर मिलता है। साथ ही यह छात्रों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का विकास करता है तथा छात्र हितों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करता है। संगठन का यह भी कहना है कि छात्र संघ चुनाव के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है, जो एक स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण के लिए आवश्यक है।
संगठन ने वर्तमान में छात्रों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को भी गंभीरता से उठाया है। लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों की आवाज दब रही है। इसके अलावा लगातार बढ़ती फीस से छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, वहीं SC, ST, OBC और EWS वर्ग के छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही है। शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई संस्थानों में लाइब्रेरी, इंटरनेट, पेयजल तथा स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। परीक्षा और परिणामों में अनियमितता, प्लेसमेंट एवं करियर मार्गदर्शन की कमी, हॉस्टल और परिवहन से जुड़ी समस्याएं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल संसाधनों की कमी तथा प्रशासन की उदासीनता भी छात्रों के लिए बड़ी चिंता का विषय बनी हुई हैं।
अंत में NSUI ने प्रदेश के सभी छात्रों से इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल छात्र संघ चुनाव बहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक सशक्त अभियान है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री हेमंत पाल, मीडिया चेयरमैन संकल्प मिश्रा, निखिल वंजारी, महताब हुसैन, वैभव मुंजेवर, संस्कार द्विवेदी, अंकित बंजारे, कृष सहारे उपस्थित हुए ।

