रायपुर। पश्चिम क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के जन्मदिन (28 अप्रैल) के अवसर पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला रायपुर द्वारा सेवा और जनकल्याण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर को जनसेवा के रूप में मनाते हुए जिले भर के 51 क्लीनिक / अस्पतालों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं परामर्श शिविर लगाए गए, जहां सैकड़ों मरीजों ने लाभ प्राप्त किया।
शिविरों में मरीजों को सामान्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण एवं विभिन्न जांचों के लिए मार्गदर्शन भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कोटा स्थित खण्डेलवाल पॉली क्लिनिक में निःशुल्क परामर्श के साथ पैथोलॉजी जांच, सीटी स्कैन, ब्लड टेस्ट एवं एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसी प्रकार श्रीराम हॉस्पिटल, डंगनिया में डॉ. अखिलेश दुबे द्वारा हड्डी एवं जोड़ों के रोगों की जांच, परामर्श एवं निःशुल्क एक्स-रे किया गया।
इसके अतिरिक्त देवेंद्र नगर स्थित अपना ब्लड बैंक में चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला रायपुर एवं सैन समाज रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 79 लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर रायपुर जिला संयोजक डॉ. सत्येंद्र पांडे, जिला सह-संयोजक मनोज सिंग ठाकुर और डॉ. कृष्णदास मानिकपुरी, डॉ. अखिलेश दुबे, डॉ. शैलेश खंडेलवाल, डॉ. रवि राठी, डॉ. राजू मार्कंडे, डॉ. संदीप भार्गव, डॉ. रुद्र साहू, गौरव शुक्ला, डॉ. पुण्यराज मार्कंडे एवं डॉ. आनंद शर्मा सहित अन्य चिकित्सकगण एवं पदाधिकारी के अतिरिक्त सेन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित यह सेवा कार्य समाज के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसकी स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की गई।
राजेश मूणत के जन्मदिन पर चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला रायपुर द्वारा 51 स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं रक्तदान शिविर आयोजित

