राहुल गांधी ने साधा निशाना

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को एक बार फिर केंद्र की एनडीए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल में कोई जवाबदेही नहीं, बल्कि सिर्फ प्रचार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र वर्तमान के बारे में बात करना छोड़ अब 2047 के सपने बेच रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेन से गिरकर 4 यात्रियों की मौत और 6 के घायल होने की घटना के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर यह हमला किया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने एक्स पर कहा, ‘जब मोदी सरकार 11 साल की सेवा का जश्न मना रही है, तब देश की हकीकत मुंबई से आ रही दर्दनाक खबर में दिखती है- ट्रेन से गिरकर कई लोगों की मौत।’ राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय रेल करोड़ों की जिंदगी की रीढ़ है, लेकिन आज यह असुरक्षा, भीड़ और अव्यवस्था की प्रतीक बन चुकी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘मोदी सरकार के 11 साल में न जवाबदेही, न बदलाव, सिर्फ प्रचार हुआ है। सरकार 2025 पर बात करना छोड़, अब 2047 के सपने बेच रही है।’ उन्होंने कहा कि देश आज क्या झेल रहा है, ये कौन देखेगा? मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *