युवाओं ने ली स्वस्थ समाज निर्माण की शपथ
रायपुर । नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए देशभर के महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में धमतरी जिले के सात प्रमुख महाविद्यालयों में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सैकड़ों विद्यार्थियों ने रैली, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया।
सात महाविद्यालयों में एक साथ हुआ आयोजन
जिले के बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद, शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी, शासकीय महाविद्यालय आमदी, छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा तथा यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में कार्यक्रम आयोजित किए गए। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को रचनात्मक माध्यमों से सामने रखा।
रचनात्मक गतिविधियों से दिया जागरूकता का संदेश
महाविद्यालय परिसरों में आयोजित नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैलियों ने विद्यार्थियों और आम लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज की आवश्यकता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को प्रभावी बनाया।
विकसित भारत के लिए नशामुक्त समाज जरूरी
जिला युवा अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की धुरी है। युवा यदि नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाएंगे, तो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना और उन्हें समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने वाला सशक्त संदेशवाहक बनाना है।
युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। जिले के सात महाविद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों का संचालन ‘मेरा युवा भारत’ के प्रभारी प्राध्यापकों और कैंपस एम्बेसडरों द्वारा किया गया। युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही मजबूत समाज और विकसित भारत की आधारशिला बन सकते हैं।

