भिलाई। श्री शंकराचार्य विद्यालय, हडको, भिलाई में छत्तीसगढ़ चैप्टर सीबीएसई रीजन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-2 इंटर स्कूल बैडमिंटन एवं खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओडिशा के सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में श्री गंगाजली एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष आई.पी. मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि आई.पी. मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से तीन राज्यों के विद्यार्थियों को एक मंच मिला है, जहां वे अपनी खेल प्रतिभा के साथ-साथ आपसी समन्वय, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ दास ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं प्रतियोगिता के ऑब्जर्वर एवं डीपीएस भिलाई के प्रतिनिधि नितिन नायर ने आयोजन की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर अनुभव प्रदान करते हैं।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले होंगे। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, शिक्षक, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
सीबीएसई क्लस्टर-2 इंटर स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ, तीन राज्यों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

