
भारतीय पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने शुक्रवार को एशियाई पैरा खेलों 2026 में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच1 स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। मोना ने 357.5 अंक हासिल कर प्रतियोगिता में अपना दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भी वह महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
स्वीडन की निशानेबाज का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा
मोना ने 357.5 अंक के साथ नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्वीडन की अन्ना बेंसन के नाम था, जिन्होंने इसी साल जुलाई में 356 अंक हासिल किए थे। मोना ने अपने शानदार प्रदर्शन से पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
चीन और दक्षिण कोरिया की निशानेबाजों ने जीते पदक
इस स्पर्धा में चीन की झांग कुइपिंग ने 353.7 अंक के साथ रजत पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया की किम मियुंग 344.4 अंक लेकर कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। भारत की अवनि लेखरा 333.2 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
लगातार बेहतर प्रदर्शन कर बनाया रिकॉर्ड
38 वर्षीय मोना ने नीलिंग सीरीज में 101.4 अंक के साथ शुरुआत की। प्रोन सीरीज के बाद उनका कुल स्कोर 203.5 अंक हो गया। इसके बाद पहली दो स्टैंडिंग सीरीज में उन्होंने क्रमशः 256.5 और 307.3 अंक हासिल किए। आगे उन्होंने 317.7, 328.0, 338.1 और 347.7 अंक के पड़ाव पार करते हुए अंततः 357.5 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड कायम किया।

