छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को भेजा पत्र, शीघ्र निर्णय नहीं होने पर मंत्रालय घेराव की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) एरियर सहित दीपावली पूर्व प्रदान करने की मांग की है। इस संबंध में फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
फेडरेशन ने पत्र में उल्लेख किया है कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के शासकीय सेवकों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर सहित देने का वादा किया है। फेडरेशन के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जो केंद्र सरकार की दर से 2 प्रतिशत कम है।
कमल वर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों एवं पेंशनरों को अपने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान एरियर सहित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की 6 सितंबर को आयोजित प्रांतीय बैठक में सर्वसम्मति से दीपावली पूर्व महंगाई भत्ता एरियर जारी करने की मांग को लेकर शासन से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया था। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने की स्थिति में फेडरेशन मंत्रालय घेराव करने के लिए बाध्य होगा।
फेडरेशन ने राज्य शासन से मांग की है कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों के हितों को ध्यान में रखते हुए घोषणा पत्र के अनुरूप केंद्र के समान लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित स्वीकृत कर दीपावली पूर्व भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

