नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करना इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को भारी पड़ गया है। उनके इस बयान को लेकर पार्टी में अंदरूनी कलह शुरू हो गई है। आईओसी के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम और कनाडा में रहने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता देवांशु नारंग ने सैम पित्रोदा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उन्हें पद से हटाने की मांग की है। नारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर सैम पित्रोदा के बयान कोशर्मनाक बताया है। नारंग का कहना है कि प्रधानमंत्री की तारीफ करने से पार्टी के कई कार्यकर्ता हैरान और निराश हैं। उन्होंने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि सैम पित्रोदा को तुरंत इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बर्खास्त किया जाए। वहीं, आईओसी के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने सैम पित्रोदा को एक ईमेल भेजकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। अब्राहम ने पित्रोदा द्वारा पीएम मोदी को बेहद मिलनसार, दयालु और स्नेही व्यक्ति बताए जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि प्रवासी भारतीयों के बीच पीएम मोदी की पहले से ही मजबूत पकड़ है और ऐसे में जब कांग्रेस की विदेशी इकाई का प्रमुख ही उनकी खुलकर तारीफ करेगा तो आम लोग निजी दोस्ती और राजनीतिक समर्थन के बीच का फर्क नहीं समझ पाएंगे। अब्राहम ने अपने ईमेल में लिखा कि राजनीतिक शिष्टाचार अपनी जगह है, लेकिन सत्ता के इस्तेमाल और आम नागरिकों पर पड़ने वाले उसके असर को किसी नेता के चरित्र से अलग करके नहीं देखा जा सकता है।
बाद में कांग्रेस नेता ने एक समाचार चैनल से बातचीत में अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि व्यक्तिगत सम्मान और राजनीतिक विरोध में कोई विरोधाभास नहीं है। इस विवाद के बावजूद सैम पित्रोदा अमेरिका दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ लगातार नजर आ रहे हैं। इससे पहले मई 2024 में भी विवादित बयान के चलते सैम पित्रोदा को इस्तीफा देना पड़ा था, लेकिन एक महीने बाद ही उन्हें फिर से इस पद पर बहाल कर दिया गया था।

