मालूराम शर्मा की द्वितीय पुण्यतिथि पर सेवा कार्य

कचरा सेंटर की दीदियों को वितरित किए रैनकोट

तिल्दा-नेवरा। लोकतंत्र सेनानी एवं वरिष्ठ जनसंघ नेता स्व. पंडित मालूराम शर्मा की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को तिल्दा नेवरा नगर पालिका अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14, 03 एवं 22 में स्थित SLRM सेंटर में सेवा कार्य का आयोजन किया गया।

इस दौरान कचरा सेंटर में कार्यरत महिलाओं को बारिश के मौसम में कार्य करने में सुविधा हो, इस उद्देश्य से रैनकोट वितरित किए गए।

कार्यक्रम लोकतंत्र प्रहरी छत्तीसगढ़ के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष सौरभ जैन एवं प्रदेश महामंत्री पंडित नरेंद्र मालूराम शर्मा वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद संतोष यदु,अमरजीत पासवान एवं नगर पालिका परिषद तिल्दा नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकार अमिताभ शर्मा के आतिथ्य में आयोजित हुआ।

वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद रानी सौरभ जैन द्वारा कचरा सेंटर में कार्यरत दीदियों को रैनकोट प्रदान किए गए।

इस अवसर पर स्व. पंडित मालूराम शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके सामाजिक, राष्ट्रवादी एवं लोकतांत्रिक योगदान को यादन किया गया। स्व. शर्मा नेवरा के वरिष्ठ जनसंघ नेता, समाजसेवी एवं लोकतंत्र सेनानी रहे। आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और मीसा के तहत रायपुर जेल में 21 माह तक बंदी रहे।
स्व. मालूराम शर्मा का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, सरस्वती शिशु मंदिर सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से भी गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने जीवनभर सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए समाजहित और राष्ट्रसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. मालूराम शर्मा का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंद एवं मेहनतकश महिलाओं के लिए सेवा कार्य करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्व. पंडित मालूराम शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *