हेलमेट बने आदत, सीट बेल्ट बने संस्कृति, उर्मिला फाउंडेशन के जागरूकता अभियान में एएसपी सीमा अहिरवार का संदेश

रायपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उर्मिला फाउंडेशन ने भाठागांव स्थित उर्मिला हॉस्पिटल परिसर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सैकड़ों युवक-युवतियों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया।

सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट जरूरी

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसीपी सीमा अहिरवार ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट को अपनी आदत और सीट बेल्ट को अपनी संस्कृति बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने सभी को यातायात नियमों का पालन करने और उन्हें अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक गंभीर चोट सिर पर लगती है और बड़ी संख्या में मौतें हेलमेट नहीं पहनने की वजह से होती हैं। यदि हर व्यक्ति केवल 15 सेकंड निकालकर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करे, तो अनेक जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल और सभी यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की।

शराब पीकर वाहन चलाना बन रहा दुर्घटनाओं की बड़ी वजह

कार्यक्रम में मौजूद ट्रैफिक टीआई परस पटेल ने कहा कि अधिकांश सड़क हादसे यातायात नियमों की अनदेखी और शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट बनने के बाद राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित यातायात का माहौल मिल सके।

उर्मिला फाउंडेशन की पहल की सराहना

एसीपी सीमा अहिरवार ने उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर नम्रता सिंह और अध्यक्ष डॉ. विनोद सिंह की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाजहित में लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी इस तरह के जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की, जिससे अधिक से अधिक लोग यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें।

महिलाओं से पंजीकृत ई रिक्शा में ही सफर करने की अपील

एसीपी सीमा अहिरवार ने विशेष रूप से महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि राजधानी में लगभग 20 हजार ई रिक्शा संचालित हैं, जिनमें से 15 हजार 47 ई रिक्शा पंजीकृत हैं। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने केवल पंजीकृत ई रिक्शा में ही सफर करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बिना पंजीयन वाले ई रिक्शा चालकों की पुलिस जांच कर रही है, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।

आभार और संचालन

कार्यक्रम के अंत में उर्मिला फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विनोद सिंह ने कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन दीप ने किया।

यातायात जाम की सूचना के लिए जारी किया विशेष नंबर

एसीपी सीमा अहिरवार ने बताया कि शहर में कहीं भी यातायात जाम की स्थिति बनने पर नागरिक 9479210632 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना मिलते ही कमिश्नरेट की विशेष टीम मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था रायपुरवासियों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *