150 से अधिक छात्र-युवाओं ने लिया भाग
भाटापारा । मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम “विकसित भारत @2047″ रही, जिसके अंतर्गत युवाओं को भारत की विकास यात्रा, विकसित राष्ट्र के विज़न तथा नेशन बिल्डिंग में उनकी भूमिका से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परिचय मिश्रा , विशिष्ट अतिथि सुनील यदु जी एवं युथ आइकॉन आलोक गुप्ता जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी अनन्या मिश्रा , रमन पटेल,राजीव मिर्झा की सहभागिता रही। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से युवाओं को माय भारत की गतिविधियों, अवसरों तथा राष्ट्र निर्माण में युवा सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत@2047 विषय पर संवाद एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारत की विकास यात्रा, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन, आत्मनिर्भरता, युवाओं की भूमिका तथा देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर चर्चा की गई। युवाओं को बताया गया कि विकसित भारत का सपना केवल गवर्नमेंट इंनिशिटिव से नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से साकार होगा।
प्रोग्राम में नशा मुक्त भारत विषय पर भी विशेष चर्चा की गई। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से युवाओं के जीवन, स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया। इस बात पर जोर दिया गया कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

