लंदन। पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी की ओर से लंदन में आयोजित पार्टी विवादों में घिर गई है। इसमें ललित मोदी और भगोड़े व्यवसायी विजय माल्या को फ्रैंक सिनात्रा का गाना ‘आई डिड इट माय वे’ गाते हुए देखा गया। मोदी की ओर से इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। दोनों व्यक्तियों के कानूनी विवादों के कारण इस पर लोग सवाल उठाने लगे। मालूम हो कि इस भव्य समारोह में 310 से अधिक मेहमान शामिल हुए, जिनमें दुनिया भर से आए दोस्त और परिवार के सदस्य थे। मेहमानों में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल भी थे। उन्होंने मोदी और माल्या के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ‘हम मस्ती में हैं। शानदार शाम के लिए धन्यवाद।’
ललित मोदी को आईपीएल के जरिए भारतीय क्रिकेट में क्रांति लाने का श्रेय दिया जाता है। साल 2010 से वह यूनाइटेड किंगडम में स्व-निर्वासित जीवन जी रहे हैं, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उन्हें निलंबित कर दिया था। ललित मोदी पर बोली में हेराफेरी, रिश्वत लेने, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन के आरोप हैं। इनमें सैकड़ों करोड़ रुपये के हेरफेर की चर्चा रही है। दूसरी ओर, किंग ऑफ गुड टाइम्स के नाम से मशहूर विजय माल्या पर 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज न चुकाने का आरोप है। धोखाधड़ी व मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी उन पर लगे हैं। 2017 में भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध पर लंदन में गिरफ्तार माल्या फिलहाल जमानत पर हैं और कानूनी कार्यवाही जारी है।

