रायपुर.भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रांत ने राज्य के समस्त पेंशनरों के हित में जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान आदेश जारी कराने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने बताया कि महासंघ के सतत एवं प्रभावी प्रयासों से दोनों राज्यों के बीच सहमति लेने-देने की प्रक्रिया समाप्त कराने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। अब महासंघ की प्राथमिकता छत्तीसगढ़ शासन से जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डीआर का आदेश एरियर सहित जारी कराना है, ताकि राज्य के लाखों पेंशनरों को उनका वैधानिक अधिकार मिल सके।
इसी उद्देश्य से 05 अगस्त 2026 (बुधवार) को प्रदेश के सभी जिलों में जिला इकाइयों द्वारा कलेक्टर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री के नाम एकसूत्रीय मांग का ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में केवल जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डीआर का एरियर सहित भुगतान आदेश जारी करने की मांग की जाएगी।
महासंघ ने सभी जिला इकाइयों से आग्रह किया है कि कार्यक्रम पूर्ण अनुशासन एवं गरिमा के साथ आयोजित किया जाए। किसी प्रकार का धरना, प्रदर्शन अथवा नारेबाजी नहीं की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के उपरांत उसकी प्राप्ति रसीद (पावती) अवश्य प्राप्त की जाएगी तथा स्थानीय समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को समाचार-विज्ञप्ति भेजी जाएगी।
इसके पश्चात 19 अगस्त 2026 (बुधवार) को सभी संभाग मुख्यालयों में संभागीय अध्यक्षों के नेतृत्व में संभागीय आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
महासंघ ने आगे की आंदोलनात्मक रणनीति पर विचार एवं निर्णय हेतु 06 सितम्बर 2026 (रविवार) को बिलासपुर में प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया है।
प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने प्रदेश के सभी जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों तथा पेंशनरों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान को पूर्ण अनुशासन, एकजुटता एवं संगठनात्मक गरिमा के साथ सफल बनाएं, ताकि राज्य के पेंशनरों को उनका न्यायोचित अधिकार शीघ्र प्राप्त हो सके।
05 अगस्त को पूरे छत्तीसगढ़ में पेंशनर्स देंगे ज्ञापन, जनवरी 2026 से देय 2% डीआर एरियर सहित भुगतान की मांग

