बीजापुर . विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 05 जून को केन्द्रीय विद्यालय बीजापुर में एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता जागृत करना है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष लगाए गए जिनमें छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने न केवल पौधारोपण किया बल्कि उस पौधे को अपने माँ के नाम समर्पित करते हुए उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं ली। यह गतिविधि छात्रों के पर्यावरण के प्रति लगाव को दर्शाती है।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री दशरथ द्वारा किया गया एवं यह अभियान 30 सितंबर 2025 तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के संचालन व समन्वय के लिए विद्यालय स्तर पर 05 सदस्यीय समिति का गठन किया गया जो समय समय पर इस अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों का क्रियान्वयन व समन्वयन करेगी। यह पहल न केवल वृक्षों की महत्ता को समझाने हेतु है बल्कि यह भी दर्शाती है कि एक छात्र किस प्रकार सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए प्रकृति से जुड़ सकता है।
केंद्रीय विद्यालय बीजापुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण

