ककरौली (एजेंसी) पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। छह दिन पूर्व महिला का जला हुआ शव गांव कटिया के जंगल में पड़ा मिला था। महिला के प्रेम संबंधों के कारण पिता व भाई ने मिलकर उसकी हत्या लोकलाज के डर से कर पहचान छिपाने के लिए शव को तेल डालकर जला दिया था। पुलिस ने महिला के पिता व भाई को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 3 जून को ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कटिया के जंगल में एक महिला का शव मिला था। शव की पहचान छिपाने के लिए उसे जला दिया गया था।
अधजले शव के मिलने पर पुलिस उसकी शिनाख्त में जुट गयी। ककरौली पुलिस के अथक प्रयास के बाद शव की शिनाख्त सरस्वती पुत्री राजवीर निवासी गांव जडवड थाना ककरौली के रूप में हुई। शिनाख्त होने के पश्चात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पिता राजवीर सिंह व भाई सुमित निवासीगण जडवड थाना ककरौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में बताया सरस्वती की शादी वर्ष 2019 मोरना में हुई थी। दो साल बाद प्रेम संबंधों के कारण वह ससुराल से वापस घर पर आ गयी। उसके बाद दोबारा उसकी शादी शामली में कर दी गयी, लेकिन यहां भी एक साल बाद उसकी शादी टूट गयी। परिवार ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। उसके बाद वह अपने प्रेमी अमित के साथ गुरुग्राम में रहने लगी। 10 मई को वह फिर से वापस गांव में आ गयी। 29 मई की रात्रि सरस्वती अपना सामान घर से जाने के लिए पैक कर रही थी। उसे काफी समझाने का प्रयास किया गया। न मानने पिता व भाई ने हरदयाल निवासी रुड़की के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पांच किलोमीटर दूर कटिया के गांव के जंगल में रजवाहे के किनारे फेंक दिया। शव की शिनाख्त छिपाने के लिए शव पर पैट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने पिता व भाई को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने पर एसएसपी ने ककरौली पुलिस को 15 हजार रका इनाम देने की घोषणा की है।

