गृह मंत्री अमित शाह ने ईटानगर में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शनिवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति निशान (President’s Colour) प्रदान किया। राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति निशान से सम्मानित किया जाना न सिर्फ अरुणाचल प्रदेश पुलिस बल्कि राज्य की जनता के लिए भी बहुत गर्व का विषय है। किसी भी राज्य के जीवन में ऐसा क्षण एक ही बार आता है। उन्होंने कहा कि उगते सूर्य का प्रदेश अरुणाचल प्रदेश अत्यंत सामरिक महत्व वाली जगह पर स्थित है। यहां की सुरक्षा, शांति, खुशहाली और विकास पूरे देश के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति निशान साहस, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का प्रमाण है। यह सम्मान तब प्रदान किया जाता है जब कोई पुलिस बल 15 वर्षों से अधिक समय तक वीरता, समर्पण और बलिदान के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में यह सम्मान प्राप्त करने वाला अरुणाचल प्रदेश पुलिस 17वाँ पुलिस बल बना है, जो हम सबके लिए गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *