ट्रंप ने ऐतिहासिक ऐलान करते हुए कहा है कि गाजा में हमास हथियार छोड़ने को राजी हो गया है। उन्होंने बताया है कि इजराइली सेना भी धीरे धीरे गाजा पट्टी छोड़ने पर सहमत हुई है। इससे युद्ध से त्रस्त इस क्षेत्र में हालात सुधरने के आसार हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच युद्ध से त्रस्त गाजा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक ऐलान के बाद बीते कई महीनों से अशांति झेल रहे गाजा में हालात सुधरने के संकेत मिले हैं। दरअसल ट्रंप ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक समझौते की घोषणा की है। ट्रंप के मुताबिक हाल ही में हुए डील के तहत हमास गाजा में हथियार छोड़ने को राजी हो गया है। वहीं इजरायली सेना भी क्षेत्र से धीरे धीरे पीछे हटने पर सहमत हो गई है। ट्रंप के मुताबिक इस डील को फाइनल कराने में ‘बोर्ड ऑफ पीस’ ने अहम भूमिका निभाई। बता दें कि इससे पहले ट्रंप की पहल पर ही इस साल की शुरुआत में गाजा बोर्ड ऑफ पीस ने औपचारिक रूप से कामकाज शुरू किया था। अब इस समझौते को समूह के 20-सूत्रीय गाजा शांति फॉर्मूले का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर लिखा, “आज बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा में हमास और अन्य सभी सशस्त्र समूहों के निशस्त्रीकरण के लिए एक ऐतिहासिक समझौता हासिल किया है। यह स्थायी शांति और सुरक्षा की ओर एक बड़ा कदम है।” राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बातचीत को सफल बनाने के लिए मिस्र, कतर और तुर्की जैसे मध्यस्थ देशों का धन्यवाद भी किया।
गाजा में लौटेगी शांति? डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान

