‘मैं चुनौतियों को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता’, आईआईटी खड़गपुर में बोले पीएम मोदी

सेमीकंडक्टर मिशन की सफलता का किया जिक्र, कहा- भारत ने चिप्स का निर्यात भी किया शुरू

खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए देशवासियों से सीमित सोच और खुद तय की गई सीमाओं से बाहर निकलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत ने सेमीकंडक्टर निर्माण, वैज्ञानिक नवाचार और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित की है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरे स्वभाव में ही है कि मैं किसी चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता।” उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत के समय उठे सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कई लोगों ने पूछा था कि जब दूसरे देश दशकों से चिप्स बना रहे हैं, तो भारत को अब इस क्षेत्र में उतरने की क्या जरूरत है। लेकिन उन्होंने पुरानी देरी को देश की प्रगति में बाधा नहीं बनने दिया।

मोदी ने कहा कि भारत ने पहल की और अधिकारियों के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर निर्माण की योजना तैयार की। इसके परिणामस्वरूप देश में कई सेमीकंडक्टर इकाइयां स्थापित करने की दिशा में काम आगे बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि भारत ने चिप्स का निर्यात भी शुरू कर दिया है। इन परियोजनाओं में आईआईटी खड़गपुर के पूर्व विद्यार्थियों की भूमिका का भी उन्होंने उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग अक्सर अपने सपनों, प्रतिभा और देश की क्षमता पर खुद ही सीमाएं लगा लेते हैं। ऐसी सीमित सोच वास्तविक प्रगति में बाधा बनती है। किसी भी देश को अपनी पूरी क्षमता पहचानने के लिए मानसिक सीमाओं को तोड़ना जरूरी है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ऐसा करके दिखाया है।

गरीबी उन्मूलन के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि पहले गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे, लेकिन वे फाइलों तक सीमित रह जाते थे। उन्होंने लाल किले से गरीबों के लिए शौचालय निर्माण अभियान की घोषणा के समय संसद में हुए उपहास को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शौचालय महिलाओं और माताओं की गरिमा तथा सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 12 से 13 वर्षों की अवधि में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *