कोलकाता | दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भबानीपुर समेत कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं. पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. ये राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे उच्च मतदान प्रतिशत है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है. दूसरे चरण में सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर कुल 3,21,73,837 मतदाता वोट डालेंगे. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां हर बूथ की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात किया गया है. कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां लगाई गई हैं. इसके अलावा 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं. ड्रोन कैमरों से भी मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी. इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं. भांगर सीट पर सबसे अधिक 19 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले की गोगहाट सीट पर सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं.
पश्चिम बंगाल में 142 सीटों पर वोटिंग जारी

