पाकिस्तानी सेना का गजब कारनामा!

करांची,22 सितंबर। पड़ोसी देश पाकिस्तान की वायु सेना ने अपने ही देश के लोगों पर कहर बरपाया है। सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पाकिस्तानी वायु सेना के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 30 लोग मारे गए हैं। यह घटना तड़के करीब 2 बजे हुई जब पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने तिराह घाटी स्थित मत्रे दारा गाँव पर आठ बम गिरा दिए, जिससे गांव और आसपास के इलाके में भारी तबाही मच गई। ये LS-6 कैटगरी के विनाशकारी बम थे, जो चीनी JF-17 लड़ाकू विमानों से गिराए गए थे। मारे गए सभी लोग नागरिक हैं। इस हमले पर अभी तक पाकिस्तानी सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आ सका है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बमबारी में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, जब गांव के लोग सो रहे थे, तभी तेज धमाकों से उनकी नींद खुली। बमबारी इतनी भयानक थी कि गांव का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में घटनास्थल की विचलित करने वाली तस्वीरों और वीडियो में बच्चों समेत कई लोगों के शव वहीं पड़े दिखाई दे रहे हैं। बचाव दल मलबे के नीचे शवों की तलाश में लगे हुए हैं। इससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। खैबर पख्तूनख्वा में पहले भी कई आतंकवाद-रोधी अभियान चलाए जा चुके हैं, जिनमें इस क्षेत्र से कई नागरिकों की मौत की खबरें आई हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश मलबों में की जा रही है। यह घटना पाकिस्तान के अंदरूनी हालात और कलह को भी उजागर कर रही है। खैबर पख्तुनख्वा इलाका लंबे समय से अशांत रहा है, जहां पाक सरकार की नहीं चल पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *