तेज बारिश से बाढ़ क़ो लेकर प्रशासन अलर्ट,बाढ़ संभावित पुल पर आवागमन रोकने प्रशासन की टीम तैनात

एहतियात बरतने कराई जा रही मुनादी,सहायता के लिए कंट्रोल रुम स्थापित व नम्बर जारी

बलौदाबाजार. मानसून के तेजी से सक्रिय होने से जिले में पिछले कुछ दिनों से तेज बारिश हो रही है जिससे नदी- नाले का जल स्तर काफी बढ़ गया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने जिले में हो रही लगातार वर्षा एवं बाढ़ की सम्भावित स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सम्बंधित अधिकारियों से पल -पल की जानकारी लेते हुए बाढ़ तथा आपदा से बचाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये हैं।उन्होंने भाटापारा में शिवनाथ नदी पर सेमरिया घाट पुल, महानदी में अमेठी घाट सहित अन्य पुलों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में प्रशासन की टीम को तैनात रहने और बाढ़ वाले सम्भावित स्थानों में लगातार मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए  अधिकारियों को सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने तैयार रहने निर्देश दिये है। इसके साथ ही सभी तहसीलदारों एवं एसडीएम को फील्ड में रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने नदी तट एवं निचली इलाको में नजर बनाए रखने के निर्देश दिये हैं।कलेक्टर श्री सोनी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बाढ़ग्रस्त  पुल पार न करे और बाढ़ वाले क्षेत्रों में न जाएं।

जिले के सभी बाढ़ संभावित पुल पर आवागमन भी रोक दी गई है। बाढ़ और अप्रिय स्थिति से निपटने हेतु एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है जो 24 घण्टा सक्रिय रहेगा जिसका दूरभाष नम्बर – 07727- 222454 है। नियंत्रण क़क्ष में विभिन्न अधिकारी – कर्मचारियों की रूटीन में ड्यूटी लगाई गयी है। जिले के आम नागरिकों को बाढ़ से किसी भी तरह की समस्या होती है तो उक्त नम्बर से सहायता ले सकते है। साथ ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकतें है। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर मिथलेश डोण्डे मो. न. 94255-23514,सहायक नोडल अधिकारी सुरेश देवांगन 78697-77184, पुलिस नियंत्रण कक्ष 94791-90629, जिला चिकित्सालय नियंत्रण कक्ष-81099-57485, जिला सेनानी नगर सेना-मो. न. 72229- 20390 जारी किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड कसडोल में तरेंगी नाला, पलारी में अमेठी घाट,भाटापारा में सेमरिया घाट, सिमगा में तरपोंगा पुलिया एवं कुलीपोटा पुलिया में बैरिकेटिंग कर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।इसके साथ ही सभी जगह प्रशासन सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कर ली गयी है। अभी तक कोई अप्रिय स्थिति की सूचना नही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *