भारत ने 5वीं बार चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में मारी एंट्री, विराट ने मिटाया 14 साल का गम

नई दिल्ली। भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल का टिकट कटा लिया है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने मंगलवार को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से धूल चटाई। ऑस्ट्रेलिया ने दुबई के मैदान पर 265 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे भारत ने 48.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर चेज कर लिया। भारत ने पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में एंट्री मारी है। विराट कोहली (84) ने कंगारुओं की बखिया उधड़े दी और भारत का 14 साल का गम मिटाया। दरअसल, भारत ने लंबे समय से आईसीसी टूर्नामेंटों के नॉकआउट मुकाबलों में मिले हर जख्म पर मरहम लगाया है। भारत ने 2011 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल के बाद ऑस्ट्रेलिया को नॉकआउट मैच में हराया। भारत ने साथ ही 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधी हुई शुरुआत की। रोहित और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। गिल 8 रन बनाकर पांचवें ओवर में बेन ड्वार्शुइस का शिकार बन गए। रोहित ने 29 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन जोड़े। उन्हें कूपर कोनोली ने आठवें ओवर में एलबीडब्ल्यू आउट किया। ऐसे में स्टार बल्लेबाज कोहली ने मोर्चा संभाला। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की अहम साझेदारी की। अच्छी लय में नजर आ रहे अय्यर से चूक गए। उन्होंने 62 गेंदों में तीन चौकों की बदौलत 45 रन बनाए। उन्हें एडम जम्पा ने 27वें ओवर में बोल्ड किया। कोहली ने 53 गेंदों में अपने वनडे करियर का 74वां अर्धशतक कंप्लीट किया। उन्होंने अक्षर पटेल (30 गेंदों में 27) के संग चौथे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। नाथन एलिस ने अक्षर को 35वें ओवर में बोल्ड किया।
भारत के चार विकेट 178 रन पर गिरने के बाद कंगारुओं ने हावी होने की कोशिश की मगर कोहली ने केएल राहुल के साथ बखूबी पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 47 रनों की पार्टनरशिप की। कोहली 52वें वनडे शतक की ओर बढ़ रहे थे पर जम्पा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। कोहली ने 43वें ओवर में ड्वार्शुइस को कैच थमाया। उन्होंने 98 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 84 रनों की पारी खेली। इससे पहले, भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया लेकिन स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी के अर्धशतकों के दम पर आस्ट्रेलिया ने 49.3 ओवर में 264 रन बटोरे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 96 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 73 रन बनाए। बल्लेबाज हालांकि अनुकूल पिच का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके और गैर जिम्मेदाराना शॉट्स खेलकर विकेट गंवाते गए।

स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई पारी के सूत्रधार रहे, जिन्होंने तीन अर्धशतकीय साझेदारियां की। उन्होंने ट्रैविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए 52, मार्नस लाबुशेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 और कैरी के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। कैरी ने 57 गेंद में 61 रन बनाए जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था। अक्सर भारतीय टीम के लिए सिरदर्द साबित होने वाले हेड को कई जीवनदान मिले जिनका वह फायदा नहीं उठा सके और 39 रन बनाकर लौट गए। मैच की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने उनका रिटर्न कैच छोड़ा, फिर वह रन आउट होने से बचे और दो बार गेंद स्टम्प को छूने से मामूली अंतर से रह गई।

हेड ने कुछ दर्शनीय शॉट लगाये जिसमें हार्दिक पंड्या को जड़ा छक्का और शमी को लगातार तीन चौके शामिल थे। इससे आस्ट्रेलिया को शुरुआती झटकों से उबरने में भी मदद मिली। हेड के साथ पारी की शुरूआत करने वाले कूपर कोनोली जल्दी आउट हो गए थे। मैथ्यू शॉर्ट के घायल होने की वजह से कोनोली को टीम में जगह मिली। पिछले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने हेड को रवाना किया. जिनका दौड़ते हुए डीप में शुभमन गिल ने कैच लपका। लाबुशेन को रविंद्र जडेजा ने एलबीडब्ल्यू किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *